25 हजार से अधिक दीपों से जगमगाया देहरादून, माँ यमुना तट पर मुख्यमंत्री धामी ने की आरती

देहरादून। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से जनपद देहरादून में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस माहव्यापी अभियान का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर जनपदभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीपोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान 25 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। माँ यमुना के पावन तट पर विशेष यमुना आरती एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। साधु-संतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में एक साथ 2,100 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे यमुना तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

विभिन्न विभागों ने निभाई सक्रिय भागीदारी

स्वास्थ्य विभाग: मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, देहरादून में ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली सजाकर दीप प्रज्वलित किए गए। रंगोली के माध्यम से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान को प्रदर्शित किया गया।

समाज कल्याण विभाग: रायवाला स्थित राजकीय नशा मुक्ति केंद्र में 25 ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा डॉ. बी.आर. अंबेडकर बालक छात्रावास में भी दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र: जनपद की सभी न्याय पंचायतों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थानीय नागरिकों की भागीदारी के साथ अभियान का शुभारंभ किया गया।

माहभर होंगे विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम

‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न सामाजिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनभागीदारी के माध्यम से सुशासन और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, सेवा और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *