सड़क पर दौड़ती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जौलीग्रांट। देहरादून-जौलीग्रांट मार्ग पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती आल्टो कार में अचानक आग भड़क उठी। चालक ने तत्काल वाहन सड़क किनारे रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में कार का अगला हिस्सा आग की लपटों में घिर गया।

जानकारी के अनुसार, डालनवाला निवासी हिमांशु जोशी मंगलवार शाम जौलीग्रांट से देहरादून लौट रहे थे। उनकी आल्टो कार (संख्या यूके-07 बीजी-0219) जैसे ही मणिमाई मंदिर से करीब 200 मीटर आगे पहुंची, इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही इंजन में आग भड़क गई। हिमांशु ने बिना घबराए कार रोककर तुरंत बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल दिनेश रावत और जसपाल पवार ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली। वहीं दमकल विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, आग लगने से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह वाहन में आई तकनीकी खराबी मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *