स्मैक तस्करी में पुराना खिलाड़ी फिर गिरफ्तार, 2026 में तीसरी बार चढ़ा पुलिस के हत्थे

देहरादून, 9 अगस्त। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने डोईवाला और विकासनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 18.32 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लगातार चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डोईवाला पुलिस ने पुरानी घमंडपुर रोड, जॉलीग्रांट के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शेखर पुत्र कैलाशनाथ निवासी सपेरा बस्ती, डोईवाला को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.46 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 28 वर्ष बताई गई हैं। दूसरी कार्रवाई विकासनगर पुलिस ने टोंस कॉलोनी सेकेंड क्लब के पीछे स्थित सड़क पर की। पुलिस ने यहां से आसिफ पुत्र इमरान निवासी विशाल कॉलोनी, डाकपत्थर को 11.86 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार आसिफ पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के पांच मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा लूट और आर्म्स एक्ट के मामलों में भी वह जेल जा चुका है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में नशा तस्करी के आरोप में उसकी यह तीसरी गिरफ्तारी है। आसिफ के खिलाफ विकासनगर कोतवाली में वर्ष 2019 में लूट और चोरी का माल बरामद होने, वर्ष 2021 और 2022 में एनडीपीएस एक्ट, वर्ष 2023 में आर्म्स एक्ट तथा वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों और उनकी सप्लाई चेन पर लगातार नजर रखी जा रही है। नशा तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *