ढोल-नगाड़ों पर झूमे छात्र, ग्राफिक एरा में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’

– ग्राफिक एरा में धूमधाम से गणेशोत्सव का आगाज 

देहरादून। ढोल-नगाड़ों की गूंज, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों और भक्ति के उल्लास के बीच ग्राफिक एरा में भगवान गणेश का भव्य स्वागत हुआ। गणेश चतुर्थी के अवसर पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रीगणेश की स्थापना की गई।

ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की वाइस चेयरपर्सन डॉ. राखी घनशाला ने भगवान गणपति की आरती कर गणेशोत्सव का शुभारंभ किया। पदाधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक आरती में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। उत्सव शुरू होते ही परिसर भक्तिमय माहौल में रंग गया। संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर छात्र-छात्राएं जमकर झूमे। भजनों के बीच गूंजते गणपति बप्पा के जयकारों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। टीम रंगमंच ने भगवान श्रीगणेश के जन्म पर आधारित स्किट प्रस्तुत कर पौराणिक प्रसंग को रोचक अंदाज में मंचित किया। वहीं देवभूमि टीम ने गढ़वाली नाट्य प्रस्तुति में लोकनृत्य और अभिनय का सुंदर मेल पेश करते हुए गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी।

देश के विभिन्न प्रांतों की नृत्य शैलियों के जरिए छात्र-छात्राओं ने गणपति को अपनी-अपनी संस्कृति के रंग में नमन किया। प्रस्तुतियों को दर्शकों की खूब सराहना और तालियां मिलीं। कार्यक्रम में कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *