– भोपाल में आयोजित सीबीएसई नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक पर जमाया कब्जा
देहरादून। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की छात्रा मनस्वी पंवार ने सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। मनस्वी ने प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर न केवल अपने विद्यालय का गौरव बढ़ाया, बल्कि उत्तराखंड को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित द ओरिएंटल स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के सीबीएसई विद्यालयों के प्रतिभाशाली तैराकों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच मनस्वी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। मनस्वी ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में शानदार तैराकी करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा 50 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत और 100 मीटर बैकस्ट्रोक में कांस्य पदक जीतकर अपनी बहुमुखी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीतना उनकी मेहनत, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। प्रतियोगिता में सफलता के बाद विद्यालय पहुंचने पर मनस्वी का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने उन्हें सम्मानित कर इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तीन पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। मनस्वी की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मनस्वी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी मनस्वी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मनस्वी और उनके प्रशिक्षक को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन ने मनस्वी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी उपलब्धि को पूरे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।