गंगोत्री हाईवे: 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर नदी में समाई इनोवा, पांच की मौत

उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम के दर्शन की उम्मीद लेकर निकले सात लोगों का सफर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गया। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई। हादसे में अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे।

जानकारी के अनुसार, वाहन गुरुवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब 6:37 बजे गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय अचानक कार अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते वाहन गहरी खाई में गिरकर नदी में समा गया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नदी किनारे से पांच लोगों के शव बरामद किए गए। वाहन में सवार दो अन्य लोगों का अभी पता नहीं चल पाया है।नदी का तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां बचाव अभियान में चुनौती बनी हुई हैं। जल पुलिस और गोताखोर नदी में तलाश कर रहे हैं। एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम को भी रेस्क्यू अभियान के लिए रवाना किया गया है। जिलाधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटा है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *