ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भीषण बस हादसा, आठ लोगों की मौत, 26 घायल

ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। सुबह दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जवानों ने गहरी खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी रवाना की गईं।
प्राप्त घायलों की सूची के अनुसार, हादसे में 26 लोग घायल हुए हैं। घायलों में झारखंड के दुमका, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, असम, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के यात्री शामिल हैं। घायलों में तीन साल की बच्ची आयरा और 64 वर्षीय आसापंथ भी शामिल हैं। एक घायल की हालत गंभीर बताई गई है, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है।
घायलों में मोहम्मद वहाब अंसारी, राहुल कुमार, अभिषेक, प्रत्यूष, अर्जुन सौरन, बुधन मुर्मू, आयरा, नूर जहां, राजकुमार, जतिन, पंकज नेगी, संतोष कुमार, वीरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, सागर, खुशी भट्ट, परेश मराठी, आसापंथ, पंकज कांडपाल, अंजू, आर्यन गुप्ता, रमेश चंद, दर्शन सिंह, रामा प्रसाद घोष और नवीन शामिल हैं। एक अन्य गंभीर घायल की पहचान नहीं हो पाई है।
वहीं, दुर्घटना में आठ लोगों की मौत होने की सूचना है। मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हादसे के कारणों और बस में सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *