देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून के खालागांव पहुंचकर भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए ग्रामीण संपर्क मार्ग का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़क तथा सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का इस्टीमेट तत्काल तैयार कर कार्यवाही प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु को देखते हुए मार्ग को शीघ्र सुचारु करना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। कैबिनेट मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पुश्ता निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने खालागांव क्षेत्र के नाले में चेक डैम निर्माण हेतु भी शीघ्र इस्टीमेट तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि चेक डैम बनने से बरसात के दौरान जल प्रवाह नियंत्रित होगा और भविष्य में होने वाले नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकेगा। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी स्तर से मार्ग पुनर्निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और इसे तेजी एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, जिससे स्थानीय निवासियों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सुंदर सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।