देहरादून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (NEET) परीक्षा रविवार को देहरादून के 16 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दून पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसएसपी के निर्देशों पर सभी परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षा में शामिल होने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी की राजपत्रित अधिकारियों की उपस्थिति में सघन जांच की गई। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई। इसके साथ ही सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई, जिससे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार गश्त करने तथा अवांछित एवं संदिग्ध तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षकों और क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउसों की भी लगातार सघन जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या व्यवधान की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। दून पुलिस की सतर्कता, व्यापक सुरक्षा प्रबंधों और अधिकारियों की निरंतर निगरानी के चलते जनपद के सभी 16 परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई।