– ‘सुपरसेई’ रियल-टाइम में ग्राहकों की पहचान कर देगा जवाब,
– सेल्स प्रक्रिया को करेगा पूरी तरह स्वचालित
देहरादून। उत्तराखंड सरकार के स्टार्टअप और उद्यमिता विजन को प्रदेश के युवा नई पहचान दे रहे हैं। इसी कड़ी में देहरादून स्थित स्टार्टअप द नेक्स्ट डोर एआई ने शुक्रवार को अपना एआई आधारित ग्रोथ इंजन ‘सुपरसेई’ लॉन्च किया। कंपनी का दावा है कि यह प्लेटफॉर्म पारंपरिक सीआरएम (कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट) सिस्टम से आगे बढ़कर रियल-टाइम में ग्राहकों की रुचि को समझते हुए स्वतः प्रतिक्रिया देने में सक्षम है।
देहरादून के जंपस्टार्ट टावर में आयोजित लॉन्च कार्यक्रम में स्टार्टअप जगत के उद्यमी, शुरुआती ग्राहक और उत्तराखंड की स्टार्टअप कम्युनिटी के सदस्य शामिल हुए। यह कंपनी का अपने देहरादून मुख्यालय से पहला सार्वजनिक उत्पाद लॉन्च रहा। कंपनी के अनुसार, जहां पारंपरिक सीआरएम केवल ग्राहकों के पिछले रिकॉर्ड को सुरक्षित रखते हैं, वहीं सुपरसेई वेबसाइट पर आने वाले विजिटर्स के व्यवहार का रियल-टाइम विश्लेषण कर उनकी खरीदारी की संभावनाओं का आकलन करता है और बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के तुरंत संवाद शुरू कर देता है। प्लेटफॉर्म का एआई सेल्स प्रतिनिधि ‘सेई’ व्हाट्सएप, ई-मेल और चैट के माध्यम से कुछ ही सेकंड में ग्राहकों को जवाब देता है। यह व्यवसाय के नॉलेज बेस के आधार पर प्रश्नों का समाधान करने, डेमो बुक करने, भुगतान लिंक भेजने और स्वतः फॉलो-अप करने में सक्षम है। लॉन्च के दौरान कंपनी ने शुरुआती परिणाम भी साझा किए। एक एआई जॉब-टेक कंपनी में इस तकनीक के उपयोग से हर माह लगभग 5,000 लीड्स का प्रबंधन किया जा रहा है। कंपनी के अनुसार पहला रिस्पॉन्स टाइम छह घंटे से घटकर एक मिनट से भी कम रह गया, जबकि एक तिमाही में कन्वर्ज़न रेट 5 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच गया।
कंपनी के सह-संस्थापक मृणाल आनंद ने कहा कि समस्या लीड्स की संख्या नहीं, बल्कि समय पर प्रतिक्रिया न मिलने की थी। सुपरसेई इसी चुनौती का समाधान करता है। वहीं सह-संस्थापक कुंदन कुमार ने कहा कि इस तकनीक का उद्देश्य कर्मचारियों की जगह लेना नहीं, बल्कि उन कार्यों को स्वचालित करना है जिनमें पहले अनावश्यक समय और संसाधन खर्च होते थे। लॉन्च के बाद “बिज़नेस ऑन स्टेरॉयड्स: सेई हेलो टू सेल्स ऑन ऑटोपायलट” विषय पर ऑनलाइन सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें गूगल सर्टिफाइड एआई ट्रेनर, टेडएक्स स्पीकर और रेवैम्प ट्राइब के संस्थापक योगेश अग्रवाल ने एआई आधारित सेल्स ऑटोमेशन की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।