UTU पेपर लीक का बड़ा खुलासा: सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, व्हाट्सएप ग्रुप में परीक्षा से पहले भेजे थे सवाल

देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते सवाल साझा कर परीक्षा की गोपनीयता भंग की।

पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की तहरीर पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के बाद विश्वविद्यालय को एक ई-मेल मिला, जिसमें 3 जुलाई को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एक सहायक प्रोफेसर द्वारा छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए जाने की जानकारी दी गई थी। विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी पाया कि परीक्षा से पहले छात्रों के पोर्टल और व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए गए प्रश्न वास्तविक प्रश्नपत्र से काफी हद तक मेल खाते थे। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पेपर लीक मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली में सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *