देहरादून। परेड ग्राउंड में आयोजित जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-13 बालक वर्ग में सार्थक बिष्ट और अंडर-15 बालक वर्ग में आदिश नौटियाल ने खिताब अपने नाम किए। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित चैंपियनशिप के अंडर-13 बालक वर्ग के फाइनल में एन79 टेबल टेनिस अकादमी के सार्थक बिष्ट ने द ओएसिस स्कूल के हिमांश आनंद को 3-1 से पराजित किया। सार्थक ने पहला सेट 6-11 से गंवाने के बाद शानदार वापसी की और अगले तीन सेट 11-9, 11-9 और 11-7 से जीतकर खिताब पर कब्जा किया।
इससे पहले सेमीफाइनल में सार्थक ने सेंट जोसेफ्स अकादमी के जैविक आनंद को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया। पांच सेट तक चले इस मुकाबले में सार्थक ने 11-7, 7-11, 6-11, 15-13 और 11-7 से जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में हिमांश आनंद ने दीक्षा टेबल टेनिस अकादमी के आदित्य कुमार को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में दून इंटरनेशनल स्कूल के आदिश नौटियाल ने सेंट जोसेफ्स अकादमी के जैविक आनंद को सीधे सेटों में 3-0 से हराकर खिताब जीता। आदिश ने मुकाबले में 11-7, 11-6 और 11-6 से जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में आदिश ने द ओएसिस स्कूल के हिमांश आनंद को 3-0 से पराजित किया था। वहीं, जैविक आनंद ने दीक्षा टेबल टेनिस अकादमी के रुद्रांश गौर को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के मानद सचिव प्रिंस विपोन, देहरादून जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के मानद सचिव केके शर्मा, कोषाध्यक्ष गिरिश मधवाल, रेफरी एससी भट्ट और अंतरराष्ट्रीय अंपायर बृजेश कुमार, आसिफ अहमद एवं बीपी उप्रेती उपस्थित रहे। इनके अलावा साहिल बिष्ट, अतुल शर्मा और एमएस भंडारी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
चैंपियनशिप का आयोजन देहरादून जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।