भारत में ओलंपिक की मेजबानी का संकल्प, गंगाजल लेकर कांवड़ पर निकलीं रेखा आर्या

हरिद्वार/रायवाला। भारत को वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिले, इस संकल्प के साथ खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को हरिद्वार से ‘ओलंपिक 2036 संकल्प कांवड़ यात्रा’ शुरू की। हर की पैड़ी से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ी, एथलीट और स्थानीय लोग शामिल हुए। यात्रा के दौरान देश में खेलों को बढ़ावा देने और भारत की ओलंपिक मेजबानी की कामना को लेकर उत्साह नजर आया।

यात्रा का शुभारंभ सुबह करीब सात बजे हर की पैड़ी पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मंत्री रेखा आर्या ने मां गंगा की पूजा कर गंगाजल उठाया और भारत में 2036 ओलंपिक के आयोजन की सफलता के लिए संकल्प लिया। इसके बाद कांवड़ यात्रा ऋषिकेश की ओर रवाना हुई।

खिलाड़ियों और महिलाओं ने बढ़ाया उत्साह

हरिद्वार से आगे बढ़ते हुए यात्रा रायवाला पहुंची। यहां भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने यात्रा में सहभागिता की। कांवड़ यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय और देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने यात्रा का स्वागत किया। इस पहल के जरिए खेलों और आध्यात्मिक आस्था को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया गया। यात्रा में शामिल खिलाड़ियों ने भारत के अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर बढ़ते प्रभाव और वर्ष 2036 में ओलंपिक की मेजबानी की उम्मीद को लेकर उत्साह जताया।

वीरभद्र मंदिर में होगा समापन

संकल्प कांवड़ यात्रा का समापन सोमवार शाम ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर में होगा। यहां रेखा आर्या भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक करेंगी। इसके साथ ही भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलने और देश के खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *