देहरादून, 10 अगस्त। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समाधान दिवस में 145 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। आयुक्त ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया और शेष शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। हेल्पलाइन पर 180 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतें मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसी सभी शिकायतों का एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए। 36 दिन से अधिक समय से लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा। बड़ी संख्या में बुजुर्ग फरियादियों के पहुंचने पर आयुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण की प्रतीक्षा के दौरान बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए। समाधान दिवस में सड़क, जलभराव, सुरक्षा दीवार और आपदा से जुड़े मामलों पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कालसी क्षेत्र में स्वीकृत सड़कों का निर्माण शुरू न होने की शिकायत पर शीघ्र कार्य शुरू कराने को कहा गया। बड़ासी ग्रांट में सौंग नदी से सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने के मामले में मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा दीवार निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। अजबपुर कलां में बारिश का पानी घरों में घुसने की शिकायत पर स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डांडा लखौंड में संपर्क मार्ग अवरुद्ध करने, हरिपुर कलां में सीवर लाइन में वर्षाजल जोड़ने से घरों में पानी भरने तथा अतिक्रमण की शिकायतों पर संबंधित विभागों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मकान खरीद के नाम पर 20 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी, बुजुर्ग से मारपीट और धमकी तथा पीएम सूर्य घर योजना के नाम पर धोखाधड़ी के मामलों में भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर की समस्याओं का निस्तारण वहीं सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अवैध अतिक्रमण, भूमि कब्जे और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
